रायपुर 1 जून (आरएनएस) राजधानी रायपुर के ब्रम्हदेईपारा, खमतराई निवासी फल व्यवसायी सोहन लाल साहू के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आर्थिक संकट के दौर में बड़ी मददगार साबित हुई। कोरोना संक्रमण काल में व्यवसाय प्रभावित होने से उनके परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया था।
सोहन लाल साहू ने बताया कि इसी दौरान रायपुर नगर पालिक निगम के माध्यम से उनका आवेदन पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्वीकृत हुआ और उन्हें प्रथम चरण में 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने अपने फल व्यवसाय को दोबारा शुरू किया। समय पर ऋण चुकाने पर उन्हें दूसरे चरण में 20 हजार रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने अपने कारोबार का विस्तार किया।
लगातार समय पर ऋण अदायगी और बेहतर रिकॉर्ड के चलते उन्हें तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण भी स्वीकृत हुआ। इस आर्थिक सहायता से उन्होंने एक और ठेला खरीदा और वर्तमान में दो ठेलों के माध्यम से फल व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।
सोहन लाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने कठिन समय में उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। उन्होंने इस योजना तथा रायपुर नगर पालिक निगम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए वरदान साबित हो रही है और उन्हें आगे बढ़ने का नया अवसर प्रदान कर रही है।

