रायगढ़, 01 जून (आरएनएस)। शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव सहित दर्जनभर से अधिक लोगों से 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दरोगापारा निवासी संजय मिश्रा की मुलाकात वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल निवासी विश्वजीत देवनाथ से हुई थी। आरोपी ने खुद को एलईडी बल्ब निर्माण और शेयर ट्रेडिंग का कारोबारी बताते हुए निवेश पर हर महीने 6 प्रतिशत ब्याज और मूलधन का 10 प्रतिशत रिटर्न देने का दावा किया। लुभावने प्रस्ताव पर भरोसा कर संजय मिश्रा ने बैंक से 12 लाख रुपये का लोन लेकर आरोपी द्वारा बताए गए खाते में राशि जमा कर दी। शुरुआती कुछ महीनों तक नियमित भुगतान मिलने से उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने निवेशकों को मिलने वाली रकम को दोबारा निवेश करने की सलाह दी। धीरे-धीरे संजय मिश्रा ने अपने परिचितों और साथियों को भी इस योजना से जोड़ा। देखते ही देखते कई लोगों ने मिलकर कुल 1.77 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेश कर दी। मामले का खुलासा तब हुआ जब निवेशकों को पता चला कि शेयर ट्रेडिंग के लिए डीमैट अकाउंट अनिवार्य होता है। आरोपी ने सभी का डीमैट अकाउंट खुलवाने का भरोसा दिया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी किसी को न तो डीमैट अकाउंट की जानकारी मिली और न ही उससे संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध कराया गया। खुद को ठगा महसूस करने पर पीडि़तों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और निवेश के नाम पर हुए इस कथित फर्जीवाड़े की परतें खोलने में जुटी है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

