रायपुर 1 जून (आरएनएस) शादी का सपना दिखाकर भरोसा जीता, जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर पहुंचा, खाने में नशीला पदार्थ मिलाया और महिला के बेहोश होते ही लाखों रुपये के जेवर समेटकर फरार हो गया, लेकिन रायपुर पुलिस की सटीक तकनीकी जांच और दो राज्यों में दबिश ने इस शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र की एक महिला को निशाना बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने हरिद्वार और दिल्ली से गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह ने पिछले एक महीने में Jeevansathi.com के जरिए करीब 100 महिलाओं से संपर्क किया था और विभिन्न राज्यों में इस तरह की कई वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है।
मामला तब सामने आया जब खम्हारडीह निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि चार माह पहले उसकी पहचान Jeevansathi.com पर अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। 15 मई 2026 को अभिनव जन्मदिन मनाने के बहाने महिला के घर पहुंचा। उसने चिकन ठीक से न पका होने की बात कहकर दोबारा पकाया और भोजन परोसा। खाना खाने के कुछ देर बाद महिला बेहोश हो गई। अगले दिन होश आने पर उसके गले की सोने की चेन, अंगूठियां और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। आरोपी का मोबाइल भी बंद था।
थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 159/26 के तहत धारा 305(ए) और 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। प्रशिक्षु आईपीएस एवं थाना प्रभारी खम्हारडीह सुश्री मानसी नानाभाउ साकोरे के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल ट्रैकिंग और ऑनलाइन प्रोफाइल जांच के आधार पर आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार और मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान को दिल्ली के पहाड़गंज से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि 37 वर्षीय अभिनव सिंह उर्फ पहलवान निवासी होशियारपुर, पंजाब और वर्तमान निवासी छतरपुर, दिल्ली तथा उसका साथी 48 वर्षीय हितिन नरूला निवासी लक्ष्मी नगर, दिल्ली मिलकर वारदात को अंजाम देते थे। घटना के दिन हितिन रेलवे स्टेशन पर रुका था जबकि अभिनव महिला के घर पहुंचा और चोरी के बाद दोनों फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, दो तोला सोने के जेवर, एक चांदी का ब्रेसलेट और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 4.21 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया कि अभिनव पहले भी दिल्ली और उत्तराखंड में धोखाधड़ी, चोरी और वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
गौरतलब है कि ऑनलाइन रिश्तों की दुनिया में बढ़ते अपराधों के बीच यह मामला बड़ी चेतावनी है—अजनबी पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच करें, क्योंकि कभी-कभी जीवनसाथी की तलाश में सामने वाला शख्स शातिर अपराधी भी निकल सकता है।


