रायगढ़ 1 जून (आरएनएस) ग्राहक बनकर दुकान में घुसता था, मौका मिलते ही महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान बाहर निकाल देता था और फिर महीनों तक पुलिस से बचता रहा, लेकिन रायगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ ने आखिरकार इस शातिर चोर की चालाकी पर ब्रेक लगा दिया। घरघोड़ा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में एलसीडी टीवी, इंडक्शन और मोबाइल फोन समेत हजारों रुपये का सामान बरामद किया गया है।
मामला घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-15 स्थित “गोल्डी फर्नीचर इलेक्ट्रॉनिक एंड मोबाइल” दुकान का है। दुकान संचालक अमन गुप्ता ने 22 सितंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20-21 सितंबर की रात दुकान से मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी, इंडक्शन और पंखे चोरी हो गए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रामायण दास महंत उर्फ बर्रा संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी दुकान में ग्राहक बनकर आता था और मौका मिलते ही सामान चोरी कर बाहर निकाल लेता था।
थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 255/2025 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। लंबे समय से फरार चल रहे 45 वर्षीय रामायण दास महंत उर्फ बर्रा निवासी बर्रा, थाना खरसिया को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने दो एलसीडी टीवी, एक ओप्पो मोबाइल, दो इंडक्शन और दो सीलिंग पंखे चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर करीब 36 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी का मोबाइल घरघोड़ा निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मामले में धारा 306 और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बहरहाल, रायगढ़ पुलिस का साफ संदेश है कि चोरी करने वाला ही नहीं, चोरी का माल खरीदने वाला भी कानून की नजर में उतना ही बड़ा अपराधी है और ऐसे लोगों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

