रुद्रपुर 1 जून (आरएनएस)। नानकमत्ता में धर्म प्रचार के लिए प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचना पर प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हालांकि, जांच के दौरान वहां कोई भी व्यक्ति नहीं मिला। प्रशासन क्षेत्र में प्रार्थना सभाओं के लिए चिह्नित चार स्थानों पर लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रहा है। नायब तहसीलदार नरेंद्र गहतोड़ी ने बताया कि रविवार को ग्राम नवीनगर में प्रार्थना सभा आयोजित होने की सूचना मिली थी। संबंधित घर में पूर्व में भी प्रार्थना सभाएं आयोजित किए जाने की जानकारी मिलने पर तहसीलदार सितारगंज हिमांशु जोशी द्वारा नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। सूचना मिलने पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने आसपास के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से भी जानकारी ली। प्रशासन की पूछताछ में न तो कोई बाहरी व्यक्ति मिला और न ही प्रार्थना सभा का आयोजन होता पाया गया। नायब तहसीलदार ने बताया कि नानकमत्ता क्षेत्र में चिह्नित चार स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। रविवार को भी राजस्व टीम ने इन गांवों का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

