बागेश्वर 1 जून (आरएनएस)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आठ जून से सात जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे और उनसे भरे हुए फार्म प्राप्त करेंगे। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र, मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान उनके द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि गणना फार्मों का वितरण एवं संग्रहण कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के दौरान बीएलओ पर्यवेक्षकों द्वारा मतदेय स्थलों पर आयोजित बैठकों में बीएलओ और बीएलए की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपने स्तर पर मतदाताओं को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने और अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धनीराम टम्टा, भाजपा के मदन राम आगरी, कांग्रेस के कुंदन गिरी, बसपा के मोहन लाल कोहली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

