सारंगढ़ बिलाईगढ़ 2 जून (आरएनएस) 52 पत्ती की बाजी में डूबे जुआरियों को शायद अंदाजा नहीं था कि मुखबिर की एक सूचना उनकी पूरी महफिल उजाड़ देगी। सारंगढ़ कोतवाली पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर छह जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा, 7,350 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डियां जब्त कीं। कार्रवाई के बाद इलाके में जुआ खेलने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई है।
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। 2 जून 2026 को पुलिस अनुविभागीय अधिकारी स्नेहिल साहू के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो स्थानों पर दबिश दी। पहली कार्रवाई कमलानगर स्थित रंगमंच के पास की गई, जहां वार्ड नंबर 11 कमलानगर निवासी अमित सिदार पिता हरिशंकर सिदार, सुरेंद्र पटेल पिता खुशीराम पटेल और जोहन निषाद पिता लाभो निषाद रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने उनके पास और जुए के फड़ से 4,550 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की।
इसके बाद दूसरी कार्रवाई ग्राम कुर्रहा के प्राथमिक स्कूल के पास की गई, जहां सागर चौरगे पिता स्व. मनोहर चौरगे, देवेंद्र कुर्रे पिता सोहन कुर्रे और चंद्रशेखर चौरगे पिता फागुलाल चौरगे जुआ खेलते मिले। पुलिस ने उनके कब्जे और फड़ से 2,800 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश बरामद की। दोनों मामलों में कुल 7,350 रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक अंजान सिंह, आरक्षक संजय भारद्वाज और चंद्रेश सोनवानी की अहम भूमिका रही।
बहरहाल, सारंगढ़ पुलिस का साफ संदेश है कि 52 परी की महफिल चाहे कहीं भी सजे, कानून की नजर से बचना अब आसान नहीं है।


