0 विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन, गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी एवं शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न
0 अधिकारियों कर्मचारी आम नागरिकों से करें अच्छा व्यवहार
-प्राप्त आवेदनों का तत्काल हो निराकरण, कोताही पर होगी कार्यवाही
उतई/दुर्ग, 02 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत आज उतई नगर पंचायत परिसर में आयोजित समाधान शिविर में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक चन्द्राकर ने शिविर में लगाए गए सभी विभागों के स्टॉलों का सघन निरीक्षण किया और हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया।
महिला एवं बाल सशक्तिकरण पर विशेष जोर
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 15 किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। साथ ही गोद भराई रस्म के तहत गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी विधिवत संपन्न कराया गया। विधायक चन्द्राकर ने स्वयं माताओं को सुपोषण टोकरी भेंट कर उनके स्वस्थ मातृत्व की कामना की तथा शिशुओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन की रस्म पूरी की।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक चन्द्राकर ने कहा, च्च्सुशासन तिहार के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार आपके द्वार आई है। हमारी सरकार का मूल मंत्र है – शासन अब दफ्तरों में नहीं, बल्कि आपके दरवाजे पर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी को पूरा करते हुए हमने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, उन्हें एक-एक कर धरातल पर उतार रहे हैं।
आज यहां किशोरी बेटियों को सेनेटरी नैपकिन देना, गर्भवती माताओं को सुपोषण टोकरी देना और बच्चों का अन्नप्राशन कराना, यह बताता है कि हमारी सरकार जन्म से लेकर जीवन के हर पड़ाव पर आपके साथ खड़ी है। महतारी वंदन योजना से प्रदेश की 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपये की सम्मान राशि सीधे उनके खाते में मिल रही है।कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का दाम, तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये प्रति मानक बोरा, प्रधानमंत्री आवास योजना में 18 लाख पक्के मकान, रामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ योजना – यह सभी मोदी की गारंटी हैं जिन्हें विष्णुदेव साय सरकार पूरा कर रही है। सुशासन तिहार इसी गारंटी को आपके घर तक पहुंचाने का महाअभियान है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश- जनता ही मालिक है
चन्द्राकर ने मंच से सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा, शासन की योजनाएं आम जनता के लिए हैं और जनता ही इस लोकतंत्र की असली मालिक है। इसलिए हर अधिकारी का यह कर्तव्य है कि वह आम नागरिकों से अच्छा व्यवहार करे, उनकी समस्याओं को सम्मानपूर्वक सुने और प्राप्त आवेदनों का तत्काल निराकरण करे।
सुशासन तिहार में प्राप्त हर आवेदन का अधिकतम एक माह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण होना चाहिए। यदि किसी भी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा कार्य में कोताही, लापरवाही या भ्रष्टाचार की शिकायत मिली, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्यवाही की जाएगी। जवाबदेही तय होगी। कोई भी हितग्राही दफ्तरों के चक्कर न काटे, यह सुनिश्चित करना आपका दायित्व है। चन्द्राकर जी नें सुशासन त्यौहार को सरलता से बताते हुए कहा अलग अलग विभाग मे जाना ना पड़े और एक साथ एक जगह सभी विभाग इक_ा होके व्यवस्थित ढंग से सही ढंग से काम हो सके इसलिए सुशासन तिहार लगाया गया और इनका मकसद यही है कि आम लोगो को एक साथ एक जगह सभी विभाग मिल जाये सभी विभाग मे एक साथ एक जगह उनका काम हो जाये और कम समय मे और उनका समय बचे और आर्थिक रूप से भ्रष्टाचार ना हो और पारदर्शिता के साथ उनका काम है यही सुशासन त्यौहार का मतलब है..
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर दिया समाधान का निर्देश
विधायक चन्द्राकर ने राजस्व, खाद्य, पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, कृषि, समाज कल्याण सहित सभी विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही दर्जनों हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, जाति-निवास प्रमाण पत्र के कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती नरेन्द्र साहू, उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख , प्रभारी सीएमओ मनोज वर्मा, सभापति सोनू राजपूत, मंडल महामंत्री चंदू देवांगन, तथा पार्षदगण सतीश चंद्राकर , श्रीमती विजय लक्ष्मी साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, खुबिराम साहू, श्रीमती संगीत रजक, श्रीमती अनीता गढ़े, श्रीमती सुनीता चंद्राकर, श्रीमती रमशीला नेताम , शिवठाकुर , श्रीमती लता सोनवानी, भीमसेन सिन्हा, रुपेश पारख , गिरीश शर्मा, श्रीमती ममता चंद्राकर, वैभव देवांगन एवं विभागों के प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

