रायपुर, 02 जून (आरएनएस)। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध गांजा रखने और बिक्री करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का गांजा, गोगो कोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि तिल्दा स्थित पटवारी कार्यालय के पास चाय-नाश्ते का ठेला संचालित करने वाली एक महिला अपने ठेले में अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी,तलाशी के दौरान महिला के पास रखे एक थैले से 3 किलो 737 ग्राम गांजा, 33 नग गोगो कोन तथा एक बैटरी चालित इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 73 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान भारती बगवानी (37 वर्ष) निवासी सिंधी कैंप, तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला एवं एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

