मुंगेली, 02 जून (आरएनएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत लोरमी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम मोहतरा तेली में 30 दिसंबर 2025 की रात पैटू तालाब के पास कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विश्राम यादव और कमलेश यादव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विश्राम यादव के सीने के नीचे तथा कमलेश यादव के पेट में गंभीर चोटें आईं।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कमलेश यादव को जिला अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए मुंगेली रेफर किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
विशाल यादव (19 वर्ष)
राजकुमार यादव (21 वर्ष)
मुकेश सिंह चौहान (30 वर्ष)
सभी आरोपी लोरमी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल चार नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव सहित पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

