बिलासपुर 3 जून (आरएनएस) लगातार पुलिस को चकमा देकर अवैध शराब का कारोबार चला रहे तीन शराब कोचियों का खेल आखिरकार खत्म हो गया। चकरभाठा पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में 146 लीटर अवैध शराब, एक मोटरसाइकिल और हजारों रुपये की सामग्री जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
थाना चकरभाठा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। कई बार कार्रवाई के प्रयासों के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बच निकलते थे। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बदलते हुए गुप्त मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और लगातार सूचनाएं जुटाई। मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम नागराडीह से आरोपी आर्यन रात्रे पिता वेदराम रात्रे, उम्र 22 वर्ष के कब्जे से 46 लीटर महुआ शराब कीमत 9,200 रुपये तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CE 5871 जब्त की गई। वहीं अचानकपुर में आरोपी लच्छी संवरा पिता रामेश्वर संवरा, उम्र 65 वर्ष के पास से 60 पाव देशी प्लेन शराब कीमत 4,800 रुपये बरामद हुई। तीसरी कार्रवाई सत्तर खोली चकरभाठा में की गई, जहां राधा वर्मा पति स्वर्गीय सुशील वर्मा, उम्र 50 वर्ष के कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। कुल मिलाकर 60 पाव देशी प्लेन शराब, 86 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल पुलिस ने कब्जे में ली।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने शराब बिक्री के उद्देश्य से शराब रखना स्वीकार किया। इसके बाद तीनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।
बहरहाल, चकरभाठा पुलिस का यह अभियान साफ संदेश देता है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा और कानून का शिकंजा लगातार कसता जाएगा।

