बिलासपुर 3 जून (आरएनएस) कॉलेज और मंदिर के आसपास लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे एक युवक का आतंक सरकंडा पुलिस ने मिनटों में खत्म कर दिया। हाथ में धारदार बटनदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध धारदार चाकू बरामद किया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला थाना सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर स्थित DLS कॉलेज और हनुमान मंदिर के आसपास का है। पुलिस को 3 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हाथ में बटनदार चाकू लेकर खुलेआम घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर क्षेत्र में आतंक का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस हरकत में आई और तत्काल टीम गठित कर मौके की घेराबंदी की।
पुलिस ने संदेही को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम कैलाश साहू पिता संतोष उर्फ डैनी साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी अशोक नगर, DLS कॉलेज के पास, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का स्टील कलर का एक धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ, जिसकी कुल लंबाई लगभग 10 इंच और फल की लंबाई करीब 4.5 इंच थी। आरोपी चाकू रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 831/2026 दर्ज किया। जांच में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बहरहाल, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के लिए यह कार्रवाई साफ संदेश है कि कानून का शिकंजा अब और सख्त होता जा रहा है।

