रायगढ़, 02 जून (आरएनएस)। खरसिया पुलिस ने लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम का शेष हिस्सा और घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघरा निवासी संजय सिंह सिदार (30 वर्ष) ने चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 29 मई को शादी का कार्ड लेने और एटीएम से पैसे निकालने खरसिया आया था। एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 35 हजार रुपये निकालने के बाद वह शराब भट्टी गया, जहां उसकी मुलाकात एक युवक से हुई।
आरोपी ने पीडि़त से लिफ्ट मांगी और उसे बंधवा तालाब के पास ले गया, जहां उसके दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे। तीनों ने मिलकर पीडि़त को जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तीनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि लूटी गई रकम में से अधिकांश राशि शराब और अन्य खर्चों में खर्च कर दी गई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2,500 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान (22 वर्ष), द्वारिका चौहान (24 वर्ष) और राहुल सिदार (19 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

