बागेश्वर 3 जून (आरएनएस)। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत चीराबगड़-कर्मी मोटर मार्ग पर बुधवार को ग्रामीणों ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के विरोध में सड़क पर धरना दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन बाढ़ सुरक्षा दीवार के दौरान बड़े-बड़े बोल्डर नदी के दूसरी ओर डाले जा रहे हैं, जिससे आपदा के समय उनके मकानों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग पर लंबे समय से बने गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ग्राम सरपंच संगीता गढिय़ा ने आरोप लगाया कि बाढ़ सुरक्षा कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री बिना अनुमति और बिना रॉयल्टी के लाई जा रही है। घंटों तक ग्रामीण और महिलाएं सड़क पर बैठे रहे। सूचना मिलने पर तहसीलदार नितिशा आर्या, राजस्व उपनिरीक्षक संजय कुमार तथा कपकोट पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।तहसीलदार नितिशा आर्या ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण भी किया और संबंधित विभाग से आवश्यक जानकारी ली। धरने में महेश कपकोटी, प्रहलाद सिंह कपकोटी, संगीता गढिय़ा, मीना कपकोटी, पुष्पा कपकोटी, नीमा देवी, ललिता, रेखा, गोविंद सिंह, भूपाल सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

