रुद्रपुर 3 जून (आरएनएस)। सितारगंज के नयागांव में 15 वर्षीय किशोर की पीलिया से मौत हो गई। वहीं सात बच्चे दो निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। पूरे गांव में करीब 40 बच्चों में बीमारी के लक्षण बताए जा रहे हैं, जिनका निजी अस्पतालों समेत अन्य शहरों में उपचार चल रहा है। नयागांव की ग्राम प्रधान मैसरजहां ने बताया कि गांव में 40 से अधिक बच्चे बुखार से पीडि़त हैं। बुखार के साथ सीने में दर्द की शिकायत भी सामने आ रही है। जांच में कई बच्चों में पीलिया के लक्षण मिले हैं। इसी बीमारी से ग्रसित 15 वर्षीय अल्तमस पुत्र इश्तकार की दिल्ली में मंगलवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अल्तमस पहले बुखार से पीडि़त था। सितारगंज की एक निजी लैब में जांच कराने पर पीलिया की पुष्टि हुई। इसके बाद पिता ने उसका रुद्रपुर के दो निजी अस्पतालों में उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली ले जाया गया था। इश्तकार की एक बेटी भी पीलिया से पीडि़त है, जिसका रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। ग्राम प्रधान मैसरजहां और उनके पति अफसर अली ने बताया कि गांव के कई बच्चों को उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें पीलिया से ग्रसित बताया। कुछ बच्चों का घर पर उपचार चल रहा है, जबकि अन्य निजी अस्पतालों और दूसरे शहरों में इलाज करा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रदूषित पानी से बीमारी फैलने की आशंका जताई है। रुद्रपुर के कृष्णा हॉस्पिटल एंड क्रिटिकल केयर के फिजिशियन डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि अल्तमस का एसजीओटी और एसजीपीटी स्तर हजारों में पहुंच गया था। वह एक्यूट फुलमिनेंट हेपेटाइटिस से पीडि़त था। पीलिया बढऩे पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को नयागांव में बच्चों के पीलिया से ग्रसित होने की सूचना मिली। इसके बाद सितारगंज में रैपिड रिस्पांस टीम गठित कर दी गई है। टीम घर-घर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी और बीमारी के कारणों की जांच करेगी। जल संस्थान को पानी में क्लोरीनेशन कराने और क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

