सारंगढ़ बिलाईगढ़ 3 जून (आरएनएस) टोनही तालाब के किनारे सजी जुए की महफिल उस वक्त तितर-बितर हो गई जब कोतवाली पुलिस ने अचानक दबिश देकर चार जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से 6 हजार रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले भर में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुडेली स्थित टोनही तालाब के पास कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया, लेकिन टीम ने चार लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विश्वकर्मा भास्कर पिता जोहित राम, अवधराम मानिकपुरी पिता समारू राम, किशोर पटेल पिता गंभीर प्रसाद तथा लकेश पटेल पिता राधे पटेल, सभी निवासी ग्राम गुडेली थाना सारंगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और फड़ से कुल 6 हजार रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रधान आरक्षक भंवर काटले तथा आरक्षक संजय भारद्वाज और चंदन दिनकर की विशेष भूमिका रही। गौरतलब है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार बढ़ती सख्ती साफ संकेत दे रही है कि कानून तोड़ने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।

