भिलाई 04 June (Rns) । छत्तीसगढ़ में जानलेवा इबोला वायरस की संभावित एंट्री ने स्वास्थ्य महकमे और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। दुर्ग जिले में इबोला संक्रमण के तीन संदिग्ध मामलों की पहचान की गई है। इनमें से दो व्यक्ति भिलाई के और एक दुर्ग क्षेत्र का निवासी है। राहत की बात यह है कि प्राथमिक जांच में तीनों की स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई के रहने वाले दोनों संदिग्ध मरीज हाल ही में अफ्रीकी देश इथियोपिया और युगांडा की यात्रा कर लौटे हैं। वहीं, दुर्ग का रहने वाला तीसरा संदिग्ध व्यक्ति कांगो से भारत आया है, जो छत्तीसगढ़ पहुंचने से पहले कुछ समय तक मुंबई में भी ठहरा हुआ था। इन देशों में इबोला के इतिहास को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग बेहद सतर्कता बरत रहा है।

