मुजफ्फरपुर,04 जून(आरएनएस)। दिल्ली के बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में आग लगने की घटना सामने आई है। यहां प्रसाद अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा तड़के साढ़े 3 बजे के बाद हुआ। अग्निशमन विभाग को 3:55 पर सूचना दी गई थी। आग लगने के बाद आईसीयू से करीब 20 लोगों को बचाया गया है। जिला प्रशासन ने मृतकों की संख्या 4 बताई है। यह आंकड़ा बढ़ सकता है।
आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया, लेकिन संभवत: आईसीयू में ऑक्सीजन यूनिट और मॉनिटर सिस्टम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, जो दूसरे कमरों तक फैल गई। घना और जहरीला धुआं उठने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और लोग भागने लगे। इस बीच, आईसीयू से लोगों को बाहर निकाला गया। मुजफ्फरपुर जिला मजिस्ट्रेट सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि घटना के समय आईसीयू में लगभग 13 मरीज और दूसरी इकाई में अन्य मरीज भर्ती थे।
जिला प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए है। इसके अलावा, अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की भी जांच की जा रही है। बता दें कि एक दिन पहले ही दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित हौज रानी इलाके में ग्रीन लेमन रेस्तरां में आग लग गई थी, जिसमें 18 विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की मौत हुई है। घटना के बाद रेस्तरां मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

