तीन घायल, दोस्तों संग गये थे सिविल लाइन्स, वापसी में हुआ हादसा
प्रयागराज। सिविल लाइंस क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव रत्नेश यादव की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार सवार अन्य तीन युवकों को भी चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हंडिया क्षेत्र के दमदमा निवासी रत्नेश यादव कीडगंज में प्रिंटिंग प्रेस का संचालन करते थे। वह समाजवादी पार्टी क अनुषांगिक संगठन लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव थे। बुधवार रात वह अपने तीन दोस्तों के साथ प्रेस से निकलकर सिविल लाइंस पहुंचे थे। यहां नाश्ता करने के बाद सभी लोग कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे दोसा प्लाजा चौराहे के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय रत्नेश यादव आगे की सीट पर चालक के बगल में बैठे थे। टक्कर का सबसे ज्यादा असर उसी हिस्से पर पड़ा, जिससे उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद रत्नेश यादव को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार में सवार उनके तीन अन्य दोस्तों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि दुर्घटना रात करीब एक बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस हादसे से परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मोर्चरी और उनके आवास पहुंच गए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

