-ठेका कंपनी को तत्काल किया जाए वेतन भुगतान
अयोध्या 4 जून (आरएनएस)। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने अयोध्याधाम के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य में लगे सफाई कर्मियों की लगातार जारी हड़ताल पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के लगभग पन्द्रह वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है तथा घरों में कूड़ा जमा होने से स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो रहे हैं। श्री गौतम ने कहा कि सफाई कर्मियों द्वारा लगाए जा रहे आरोप अत्यंत गंभीर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पहले से ही कम वेतन दिया जा रहा है और उस पर भी हर माह मनमानी कटौती की जा रही है। इतना ही नहीं, कार्य में उपयोग होने वाले ठेलों की मरम्मत का खर्च भी कर्मचारियों को स्वयं वहन करना पड़ता है तथा टूटे हुए डस्टबिनों को बदलने की व्यवस्था भी नहीं की जा रही है। यदि ये आरोप सत्य हैं तो यह श्रमिकों के अधिकारों का खुला उल्लंघन है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर निगम प्रशासन एवं संबंधित ठेका कंपनी से मांग की है कि सफाई कर्मियों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लिया जाए तथा उनके वेतन से की गई कथित अवैध कटौतियों की जांच कर बकाया धनराशि शीघ्र उनके खातों में भेजी जाए। साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप उनका पूर्ण वेतन समय से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक अथवा प्रशासनिक शोषण स्वीकार नहीं किया जा सकता। नगर निगम प्रशासन को चाहिए कि कर्मचारियों, ठेका कंपनी और अधिकारियों के बीच वार्ता कर शीघ्र समाधान निकाले, जिससे सफाई व्यवस्था बहाल हो सके और कर्मचारियों को न्याय मिल सके। कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मियों की जायज मांगों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक स्तर पर संघर्ष करेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

