भोपाल 4 जून (आरएनएस)। एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर बीच सड़क चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर ताबड़तोड़ वार किए। उसे बचाने आई बड़ी बहन पर भी हमला किया, जिससे उसके बाएं गाल पर गहरा घाव हो गया।
छोला मंदिर पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय युवती मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपनी बड़ी बहन के साथ घर के पास जा रही थी, तभी प्रीत नगर निवासी अक्षय चंदेल ने दोनों का रास्ता रोक लिया। वह पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगा।
कुछ देर कहासुनी के बाद अक्षय ने जेब से चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। घटना मंगलवार शाम शंकर नगर इलाके में हुई थी। बुधवार को इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले अपनी पूर्व प्रेमिका को निशाना बनाया। उसने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर लगातार कई वार किए। अचानक हुए हमले में युवती गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी कई वार कर चुका था।
हमले के दौरान युवती की बड़ी बहन उसे बचाने के लिए आगे आई। आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। वार उसके बाएं गाल पर लगा, जिससे चेहरे पर गहरा कट हो गया। दोनों बहनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।
लोगों की भीड़ जुटते देख आरोपी वहां से फरार हो गया। भागने से पहले उसने घायल युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बुधवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बड़ी बहन को भी चेहरे पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अक्षय चंदेल और पीडि़ता के बीच पहले प्रेम संबंध थे। दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे। बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया।
इसके बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली और परिवार के साथ रहने लगी। पुलिस का मानना है कि आरोपी इसी बात से रंजिश रखे हुए था। पुरानी नाराजगी और विवाद के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी फरार है। गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

