भोपाल 4 जून (आरएनएस)। अशोका गार्डन इलाके में बुधवार रात 28 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पति का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनकी हरकतों से तंग आकर पत्नी ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
सुंदर नगर निवासी सुनील कुशवाह ने पुलिस को बताया मैं रात में सब्जी लेने गया था। 20 मिनट बाद घर लौटा तो कमरे का नजारा देखकर होश उड़ गए। पत्नी जूली फंदे पर लटकी हुई थी। दोनों मासूम बच्चे पास बैठकर रो रहे थे। एक बच्चे की उम्र 6 महीने और दूसरे की 2 साल है।
पति सुनील कुशवाह ने अपने रिश्तेदारों पर आरोप लगाए हैं। सुनील का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार राजू कुशवाह और उनके परिवार से उनका आए दिन विवाद होता था।
आरोपी आए दिन शराब पार्टी करते थे। मांस खाने के बाद खाली बोतलें और हड्डियां हमारे कमरे के पास फेंक देते थे। इस गंदगी और माहौल की वजह से जूली काफी मानसिक तनाव में रहती थी। उसकी तबीयत भी बिगड़ जाती थी।
कई बार समझाने के बावजूद आरोपियों ने ये हरकतें बंद नहीं कीं। पति के अनुसार, आत्महत्या करने से ठीक पहले भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई थी, जिससे परेशान होकर जूली ने यह कदम उठा लिया।
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि अभी परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जूली और उसके रिश्तेदार एक ही परिसर में रहते थे। दोनों परिवारों के बीच साझा जगह के इस्तेमाल को लेकर विवाद होता था।
पुलिस का कहना है कि चूंकि मामला नवविवाहिता से जुड़ा हुआ है, इसलिए कानून के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

