20 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर
प्रयागराज 4 जून (आरएनएस)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डायमंड जुबिली (डीजे) हॉस्टल के अधीक्षक के सरकारी आवास पर बमबाजी का मामला सामने आया है। उनका कहना है कि यह घटना 20-25 दिन पहले हुई, जिससे पूरा परिवार खौफ में था। कर्नलगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में हॉस्टल अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया, करीब 20-25 दिन पहले देर रात लगभग 12 बजे उनके हॉस्टल परिसर स्थित आवास और कैंपस की बाउंड्री के पास अज्ञात लोगों ने बमबाजी की। उनके आवास को निशाना बनाते हुए कई बम फेंके।
घटना के समय वह अपने परिवार के साथ आवास में मौजूद थे। अचानक हुए धमाकों से परिवार के सदस्य और हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स बुरी तरह सहम गए। गनीमत रही कि कोई जख्मी नहीं हुआ। अधीक्षक का कहना है कि उन्हें जान से मारने की नीयत से उनके आवास की दीवार की ओर बम फेंके गए। घटना के बाद वह खौफजदा हो गए। घटना को अंजाम देने वाले लोग लगातार रात में उनके आवास के बाहर सड़क पर घूमते-फिरते रहे।
तहरीर के आधार पर कर्नलगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, छात्रावास और आसपास के लोगों से पूछताछ करने और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
एसीपी कर्नलगंज विमल किशोर मिश्र का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

