देहरादून,04 जून(आरएनएस)।होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुके छात्रों को विदेश में क्रूज पर शानदार नौकरी का झांसा दे लाखों रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने एक संस्थान के छात्रों को टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेज दिया और वहां उन्हें अधर में छोड़ दिया। फिलहाल करीब 11 छात्र मलेशिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे हुए हैं। शिकायत पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने झारखंड के एक दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नंदा चौकी स्थित मां गंगे इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड प्रोफेशनल स्टडीज (एमजीआईएचएम) के उपाध्यक्ष शंकर सिंह अधिकारी ने प्रेमनगर थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि झारखंड के देवघर स्थित बीबीएसएम ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी चलाने वाले नीतीश कुमार और उसकी पत्नी एस कुमारी इस पूरे फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड हैं। आरोपी शुरुआत में छात्रों से मोटी रकम वसूलकर उन्हें टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजते थे। वहां उन्हें भरोसा दिलाया जाता था कि दुबई स्थित अल बोर्ज यॉट मरीन सर्विस एलएलसी और जीएस एंड एल एलएलसी के जरिए उनका वीजा रोजगार में बदल दिया जाएगा।
मुख्य आरोपी के तार पाकिस्तान में बैठी नायला नाम की महिला से जुड़े होने की आशंका है। उसका ड्राइवर बांग्लादेशी है। इससे मामले में मानव तस्करी और संगठित वित्तीय अपराध संभावना जताई गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

