राशि के अभाव में रुका स्कूल भवन निर्माण, नए सत्र से पहले अभिभावक चिंतित_
उगली/केवलारी 4 जून (आरएनएस)। सिवनी जिले की जनपद पंचायत केवलारी अंतर्गत उपतहसील उगली के ग्राम पंचायत खुरसुरा के अंतर्गत स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बरबसपुर का नवीन विद्यालय भवन निर्माण कार्य लगभग 6 महीने बीत जाने के बाद भी पूर्ण नहीं हो पाया है। विद्यालय भवन अधूरा होने से ग्रामीणों, अभिभावकोंमें चिंता का माहौल बना हुआ है। आगामी शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने वाला है और ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से कैसे संचालित होगी तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं कब तक मिल पाएंगी। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन कार्य की गति बेहद धीमी रही है। निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि शिक्षा से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त हो सके। निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका दूरभाष नंबर उपलब्ध नहीं होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो सका। ठेकेदार का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
18.25 लाख रुपये की लागत से बन रहा भवन——–
मामले में शिक्षा विभाग के एसडीओ वसीद खान से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण कार्य जिला पंचायत से स्वीकृत है। भवन निर्माण की दूसरी किस्त जारी करने के लिए फाइल आगे भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन का निर्माण लगभग 18 लाख 25 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
निर्माण एजेंसी को भुगतान की स्थिति के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 50 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जा चुका है। जब निर्माण कार्य पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं बताई, हालांकि उन्होंने कहा कि बीच में बारिश के कारण कार्य प्रभावित हुआ था। वहीं निर्माण कार्य धीमा होने अथवा बंद रहने के कारण के संबंध में उन्होंने बताया कि ठेकेदार राशि से संबंधित समस्या की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आगे स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
जनपद सदस्य ने जताई नाराजगी——–
इस संबंध में क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती सीमा तरुण सोनवाने से चर्चा की गई। उन्होंने विद्यालय भवन निर्माण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई का समय नजदीक आ चुका है और कुछ ही दिनों में स्कूल खुलने वाले हैं, लेकिन नई बिल्डिंग अभी तक तैयार नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में ठेकेदार एवं संबंधित विभाग द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण भवन समय पर पूर्ण नहीं हो पाया। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
राशि नहीं मिलने से थमा निर्माण कार्य———-
मामले में विस्तृत जानकारी एवं विभागीय पक्ष जानने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एस. कुमरे एवं बीआरसी केवलारी श्री सतीश साहू से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया। बीआरसी श्री सतीश साहू ने बताया कि विद्यालय भवन का निर्माण कार्य लेटर हाइट (छत स्तर) तक पहुंच चुका है। वर्तमान में निर्माण कार्य रुका हुआ है, जिसका मुख्य कारण आवश्यक राशि का उपलब्ध नहीं होना है। उन्होंने कहा कि राशि प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य में पुन: गति आएगी और भवन को शीघ्र पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एस. कुमरे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे चर्चा नहीं हो सकी। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
बच्चों के भविष्य से जुड़ा है मामला———
ग्रामीणों एवं अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों पर पड़ता है। विद्यालय भवन निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और विद्यालय भवन को जल्द से जल्द पूर्ण कर विद्यार्थियों के उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाते हैं तथा बरबसपुर के विद्यार्थियों को उनका नया विद्यालय भवन कब तक मिल पाता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

