सिवनी 4 जून (आरएनएस)। जिले में गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आदेगांव पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लखनादौन श्री अपूर्व भलावी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को थाना आदेगांव में एक प्रार्थी की रिपोर्ट पर गुम इंसान क्रमांक 27/26 एवं अपराध क्रमांक 88/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि उनकी 15 वर्ष 7 माह की नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं सूचनाओं के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी। अथक प्रयासों के बाद 1 जून 2026 को बालिका को जबलपुर से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपी अखिलेश चौकसे निवासी ग्राम रहली को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक चिकित्सकीय एवं वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी आदेगांव आशीष कुमार धुर्वे, उप निरीक्षक बलदेव श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक अमर उईके, शोएब खान, आरक्षक सरवन मरकाम, जयप्रकाश उईके, सैनिक नारद धुर्वे तथा ग्राम रक्षा सदस्य विकास यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से न केवल एक परिवार को राहत मिली है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

