बलौदाबाजार 5 जून (आरएनएस) किसी भी आपात स्थिति में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को तुरंत काबू करने की तैयारी अब और मजबूत हो गई है। बलौदाबाजार पुलिस ने शुक्रवार सुबह रक्षित केंद्र में वृहद ‘बलवा ड्रिल’ आयोजित कर अपने जवानों की तत्परता, रणनीति और त्वरित कार्रवाई क्षमता का प्रदर्शन किया। सुबह 7 बजे शुरू हुए इस विशेष पूर्वाभ्यास में पुलिस बल और SWAT टीम ने एक साथ मैदान संभाला और संभावित दंगा, उपद्रव या भीड़ नियंत्रण जैसी परिस्थितियों से निपटने का लाइव अभ्यास किया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस बल की प्रतिक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाना था। अभ्यास के दौरान जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवियों को तितर-बितर करने और शांति व्यवस्था बहाल करने के विभिन्न चरणों का प्रदर्शन किया। पूरे अभ्यास में अनुशासन, समन्वय और त्वरित निर्णय क्षमता देखने को मिली।
ड्रिल के दौरान दंगा नियंत्रण में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया। जवानों को आंसू गैस के गोले छोड़ने, केन शील्ड के प्रभावी उपयोग, लाठीचार्ज की तकनीक तथा वज्र वाहन के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं SWAT टीम ने गंभीर परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और रणनीतिक घेराबंदी की क्षमता का प्रदर्शन कर अपनी तैयारी का परिचय दिया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि इस पूर्वाभ्यास का मकसद पुलिस बल की कार्यकुशलता को और बेहतर बनाना है ताकि किसी भी कानून-व्यवस्था की चुनौती का तत्काल और प्रभावी जवाब दिया जा सके। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, उप पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल साहू, उप पुलिस अधीक्षक उषा सोन्धिया, रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
बहरहाल, यह ड्रिल साफ संकेत है कि बलौदाबाजार पुलिस हर परिस्थिति के लिए तैयार है और जिले की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।

