रायगढ़ 5 जून (आरएनएस) जिस पत्नी के हाथों में एक व्यवसायी ने अपनी मेहनत की कमाई और भविष्य की योजनाएं सौंपी थीं, उसी पर परिवार के साथ मिलकर लाखों रुपये और करोड़ों की संभावित संपत्ति हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगा है। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में सामने आए इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस जांच के बाद पत्नी और साले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि ससुर की तलाश जारी है। मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल (41 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05, छाल रोड, घरघोड़ा, जिला रायगढ़ ने पुलिस को बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया व्यवसाय से जुड़े हैं। वर्ष 2008 में उनका विवाह सीमा यादव उर्फ सीमा बघेल (41 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05, छाल रोड, घरघोड़ा से हुआ था। शिकायत के अनुसार व्यवसाय में आर्थिक प्रगति के बाद उनके ससुर भरतलाल यादव और साले कृष्ण कुमार यादव (39 वर्ष), निवासी पैलपारा वार्ड क्रमांक 14, सारंगढ़ का घर में आना-जाना बढ़ गया। पिंगल बघेल का आरोप है कि वह रोजाना व्यवसाय से प्राप्त रकम पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए सौंपते थे, लेकिन वर्ष 2014 में रकम कम मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। कथित रूप से फुटेज में सीमा बघेल को आलमारी से रकम निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते देखा गया। जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते में लगभग 22 लाख रुपये के लेन-देन पाए गए, जबकि वह बेरोजगार बताया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि वर्ष 2022 में तमनार क्षेत्र में अधिग्रहण योग्य भूमि खरीदने की योजना की जानकारी मिलने के बाद आरोपियों ने एक राय होकर लगभग 13 लाख 50 हजार रुपये की जमीन सीमा बघेल के नाम रजिस्ट्री कराई। शिकायतकर्ता का कहना है कि भविष्य में इस भूमि पर करोड़ों रुपये के मुआवजे और नौकरी की संभावना थी। आरोप है कि इसके बाद अन्य संपत्तियों को भी अपने नाम कराने के लिए लगातार मानसिक दबाव बनाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शिकायत की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने की। जांच में चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत धारा 61(2), 49, 318(4), 303(2), 316(2) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने 4 जून 2026 को सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में नामजद आरोपी भरतलाल यादव की तलाश जारी है।
फिलहाल, यह मामला सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं बल्कि भरोसे, संपत्ति और कथित आर्थिक षड्यंत्र की बड़ी कहानी बन गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि फरार आरोपी कब पुलिस की गिरफ्त में आता है और जांच में आगे कौन-कौन से खुलासे सामने आते हैं।

