धमतरी 5 जून (आरएनएस) तनाव से जूझती पुलिस फोर्स को स्वस्थ, ऊर्जावान और प्रकृति से जोड़ने के लिए धमतरी पुलिस ने विश्व पर्यावरण दिवस पर एक अनूठी पहल की। रक्षित केंद्र धमतरी में योग, प्राणायाम और पौधरोपण के जरिए न सिर्फ स्वास्थ्य का संदेश दिया गया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व और उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य योग शिविर से हुई, जहां आरक्षक सूजय मंडल और उनकी शिष्या रूची साहू ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। यह पिछले एक वर्ष में पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित पांचवां योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर रहा। योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और प्रचार-प्रसार के लिए हाल ही में राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए गए सूजय मंडल और रूची साहू को इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली जीवनशैली है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से नियमित योग अपनाने और अपने परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
योग शिविर के बाद पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार और फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। एसपी सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, मीना साहू, यशकरण दीप ध्रुव, जिले के थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। बहरहाल, धमतरी पुलिस की यह पहल संदेश देती है कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और हरित पर्यावरण ही सुरक्षित और बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव हैं।


