रायगढ़ 5 जून (आरएनएस) उड़ीसा से मध्यप्रदेश तक नशे की करोड़ों की खेप पहुंचाने की तैयारी थी। लग्जरी गाड़ियों में डबल नंबर प्लेट लगाकर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की साजिश रची गई थी। लेकिन रायगढ़ पुलिस की सटीक सूचना, घेराबंदी और ताबड़तोड़ कार्रवाई ने पूरे खेल को रास्ते में ही खत्म कर दिया। “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने करीब 300 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही 1 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार 5 जून को पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा के सोनपुर इलाके से गांजा की बड़ी खेप दो सफेद रंग की कारों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजी जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर बहुस्तरीय नाकेबंदी शुरू कर दी।
कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच में इनोवा वाहन में एक के ऊपर एक दो नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन में ओडिशा का नंबर OD-10-H-0050 और उसके नीचे CG-13-BY-6540 नंबर प्लेट लगी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस का संदेह और गहरा गया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देकर दोनों वाहनों और उनमें सवार युवकों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा के अलावा लगभग 20 लाख रुपये कीमत की इनोवा क्रिस्टा, 14 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं। इस कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कश्यप (23) निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर, रिंकु कश्यप (28) निवासी नवानगर चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा तथा धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27) निवासी हराटोला, थाना राजेन्द्रनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा की खेप अनूपपुर तक पहुंचाने की जानकारी दी है। आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की पूरी श्रृंखला खंगाल रही है। फरार आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में विशेष टीम मध्यप्रदेश रवाना कर दी गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने तक कार्रवाई जारी रहेगी।
बहरहाल, डबल नंबर प्लेट और लग्जरी गाड़ियों की आड़ में चल रहा करोड़ों रुपये का नशे का कारोबार भले ही बेहद शातिर तरीके से संचालित हो रहा था, लेकिन रायगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि कानून की पकड़ से बचना अब तस्करों के लिए आसान नहीं होगा।


