(जन्म दिवस पर 5 पौधे लगाने का लिया गया संकल्प)
डिंडोरी 5 जून (आरएनएस)। शासकीय महाविद्यालय अमरपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्राचार्य संदीप सिंह के निर्देशन तथा रासेयो प्रभारी डॉ. सीमा डावर के मार्गदर्शन में महाविद्यालयीन स्टाफ द्वारा परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक कैलाश प्रसाद लखेरा ने उपस्थित स्टाफ को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं प्राध्यापकों को अपने जन्मदिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में कम से कम 5 पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की सतत प्रक्रिया हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालयीन स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रो. आशीष कुमार मरावी, डॉ. सुनील कुमार काकोडिया, प्रदीप कुमार कहार, सुश्री हुस्नआरा अंसारी, दीपचंद गुप्ता, डॉ. राकेश कुमार पटले, जयदीप दुबे, डॉ. सौरभ सांमत, समीर धुर्वे, ओमकार वा?टिया एवं कमलेश कुमार वास्पे ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

