जबलपुर। जबलपुर-दमोह मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बेलखाडू थाना क्षेत्र के ग्राम झगरा के पास कृषि दवाइयों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक एक मकान से महज कुछ फीट की दूरी पर जाकर रुका, जिससे घर में मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान नंबर का ट्रक (आरजे 11 जीबी 9595) आगरा से रायपुर की ओर कृषि उपयोग में आने वाली रासायनिक दवाइयां लेकर जा रहा था। सुबह करीब 5 बजे ग्राम झगरा के पास सामने से आ रहे एक डंपर को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को साइड में मोड़ा, जिससे उसका नियंत्रण ट्रक पर से हट गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक स्थानीय निवासी श्यामलाल बर्मन के मकान के मुख्य द्वार के पास जाकर पलटा। यदि वाहन कुछ फीट और आगे बढ़ जाता तो मकान से टकरा सकता था, जिससे गंभीर जनहानि की आशंका थी। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
सूचना मिलने पर बेलखाडू पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सामने से आ रहे भारी वाहन को रास्ता देने के दौरान ट्रक का अनियंत्रित होना बताया गया है। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक में कृषि संबंधी रासायनिक दवाइयां भरी हुई थीं, जिसके कारण दुर्घटना के बाद लोगों में किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता बनी रही। हालांकि किसी प्रकार का रिसाव या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि दो दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले एक कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और कई चालक तेज रफ्तार तथा लापरवाही से वाहन चलाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

