यातायात और पैदल आवागमन को लेकर उठे सवाल
जबलपुर 5 जून (आरएनएस)। नगर निगम द्वारा शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में पेड पार्किंग व्यवस्था शुरू करने की तैयारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शहर के कई प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों को चिह्नित किया गया है, जहां पार्किंग शुल्क के साथ वाहनों की पार्किंग संचालित की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार जिन स्थानों को पेड पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है उनमें बालाजी गमला स्टैंड से महापौर बंगले तक का मार्ग, मॉडल रोड, सिविक सेंटर क्षेत्र, समदडिय़ा मॉल के आसपास का इलाका, श्याम टॉकीज से गोलबाजार तक का मार्ग तथा गोलबाजार क्षेत्र की प्रमुख सड़कें शामिल हैं।
प्रस्ताव को लेकर शहर के व्यापारियों, नागरिक संगठनों और आम लोगों के बीच मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था से अव्यवस्थित वाहन खड़े होने की समस्या कम हो सकती है, वहीं कई नागरिकों ने आशंका जताई है कि पहले से संकरी और व्यस्त सड़कों पर पार्किंग की अनुमति मिलने से यातायात दबाव बढ़ सकता है तथा पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शहर के प्रमुख बाजारों में पहले से ही जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में सड़क और फुटपाथ के हिस्सों का उपयोग पार्किंग के लिए किए जाने पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि पेड पार्किंग लागू करने से पहले पर्याप्त वैकल्पिक पार्किंग स्थल विकसित किए जाने चाहिए।
दूसरी ओर, नगर निगम का तर्क है कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थित पार्किंग प्रबंधन आवश्यक हो गया है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय और विस्तृत कार्ययोजना सार्वजनिक होने के बाद ही व्यवस्था के प्रभाव का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा।
फिलहाल पेड पार्किंग के प्रस्ताव को लेकर शहर में बहस का माहौल है और नागरिकों की निगाहें नगर निगम के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

