भोपाल 5 जून (आरएनएस)। मंगलवारा में रहने वाले युवक ने कर्ज से तंग आकर दस दिन पहले सल्फास खा लिया था। परिजनों ने उल्टियां करता देखने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां दो दिन चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पिता ने कर्ज से चलते तकादेदारों से तंग आकर जहर खाने के आरोप लगाए हैं।
मंगलवारा थाना पुलिस के मुताबिक फराज अंसारी पिता शकील अंसारी (21) पटेल कॉलोनी भारत टॉकीज के पास का रहने वाला था और कुशन का काम करता था। 10 दिन पहले युवक ने सल्फास की गोलियां घर में खा ली थीं। उल्टियां करता देखने के बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया था। दो दिन चले इलाज के बाद छुट्?टी हो गई थी। गुरुवार रात को अचानक तबीयत बिगड़ी थी। जिसके बाद अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि सल्फास के कारण आंतो और लिवर में इन्फेक्शन हो गया था। जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता शकील अंसारी ने बताया कि बेटे ने 90 हजार रुपए कर्ज लिया था। तकादेदार उसे कर्ज चुकाने के लिए प्रताडि़त करते थे। आए दिन कॉल कर धमकाते थे। इसी से तंग आकर युवक ने सुसाइड की कोशिश की थी। तब तो वह बच गया लेकिन अब उसकी इन्फेक्शन के कारण मौत हो गई।

