भोपाल 5 जून (आरएनएस)। मंगलवारा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद एक युवक पर युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मंगलवारा थाना प्रभारी अजय सोनी के अनुसार, करीब एक साल पहले 22 वर्षीय युवती की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए आरोपी उजेफ राईन से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया।
आरोप है कि इसी दौरान युवक ने युवती को मिलने के लिए एक होटल में बुलाया। यहां उसने युवती से शादी करने का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी युवक करीब एक साल तक भोपाल के अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसका शोषण करता रहा।
पीडि़ता का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवक के व्यवहार से परेशान होकर युवती ने परिजनों को पूरी जानकारी दी और मंगलवारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

