शहडोल 5 जून (आरएनएस)।जिले के चरहेट गांव में डायल 112 के एक आरक्षक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। इस हमले में आरक्षक के सिर में चोट आई है। पुलिस ने आरक्षक की शिकायत पर गांव के ही पांच नामजद लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक चरहेट गांव में एक साइकिल और बाइक के बीच टक्कर हो गई थी। इस हादसे में साइकिल सवार घायल हो गया था। सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात आरक्षक सतीष सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
इसके बाद जब आरक्षक ने एक्सीडेंट में शामिल बाइक को कब्जे में लेकर थाने ले जाने की कार्रवाई शुरू की, तो वहां मौजूद कुछ लोग विरोध करने लगे और विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने आरक्षक के साथ गाली-गलौज की और उन पर हमला कर दिया। घटना की खबर मिलते ही सीधी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घायल आरक्षक सतीष सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद हालत सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने चरहेट गांव के रहने वाले विपिन पांडे, सुदीप पांडे, ओमकार सेन, राजा नापित और नन्हू पनिका के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन सभी पर सरकारी काम में रुकावट डालने, गाली-गलौज करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

