शिवपुरी 5 जून (आरएनएस)। जिले के पिछोर क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिलपुरा कंजरडेरा में दबिश के दौरान 235 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण और बड़ी मात्रा में गुड़-लाहन जब्त किया गया। विभाग ने मौके पर ही लगभग 3800 किलोग्राम गुड़-लाहन को नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई शुक्रवार को कलेक्टर अर्पित वर्मा और उपायुक्त आबकारी संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देश पर हुई।
जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में वृत्त पिछोर प्रभारी राहुल गुप्ता की टीम ने सिलपुरा कंजरडेरा में छापा मारा। टीम को मौके पर अवैध रूप से शराब बनाने की गतिविधियां संचालित होती मिलीं।
अभियान के दौरान 235 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद की गई और शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए गए।
विभाग ने करीब 3800 किलोग्राम गुड़-लाहन का नमूना लेने के बाद उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, आरक्षक काशीराम, गिर्राज, डोंगर सिंह, सतीश, डाल सिंह तथा सैनिक सुमन और रितु की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

