उत्तरकाशी,05 जून(आरएनएस)। गंगोत्री धाम में नगर पंचायत की ओर से गोमुख पैदल मार्ग पर पौधरोपण किया गया। इसके साथ में धाम वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं विश्व पर्यावरण दिवस पर जलागम विभाग की ओर से शुक्रवार को डुंडा ब्लॉक सभागार में जल उत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत जन संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने किया। कार्यशाला में डीएफओ डीपी बलूनी व जलागम के उप निदेशक डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन व पर्यावरण को प्रभावित करने वाले कारकों और उनके रोकथाम उपायों पर विस्तार से चर्चा कर जानकारी दी। दूसरी ओर एसपी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस लाइन ज्ञानसू परिसर में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में खुरमोला, मंजगांव, जैमर, ढुंगी, सिगोट, सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों व ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

