—- डीएम व एसपी ने बाढ़ तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे छितौनी तटबंध पर, सुरक्षा कार्यों में लापरवाही पर दी चेतावनी।
—- सभी कार्यों को 20 जून तक पूर्ण करा लिए जाने का दिए गए निर्देश।
कुशीनगर, 06 जून (आरएनएस)। आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 6 जून दिन शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने खड्डा तहसील क्षेत्र के छितौनी तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं एवं कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर चल रहे कार्य में ढिलाई बरते जाने पर सम्बन्धित को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी कार्यों को 20 जून तक पूरा कर लिए जाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध क्षेत्र में स्थित ठोकर संख्या 8.650 एवं 12.700 वीरभार पर संचालित मरम्मत, सुदृढ़ीकरण तथा कटान-रोधी कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंध की सुरक्षा, मजबूती एवं बाढ़ से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि तटबंध के संवेदन शील एवं कटान प्रभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा सभी सुरक्षात्मक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है। इसलिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों की स्थापना, राहत एवं बचाव सामग्री की उपलब्धता, नावों की व्यवस्था तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई हेतु की गई तैयारियों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को पूर्व से ही उपलब्ध एवं क्रिया शील स्थिति में रखा जाए। संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को तटबंध की वर्तमान स्थिति तथा चल रहे सुरक्षा कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रैट होल तथा तटबंध पर किए जा रहे रेंकट सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद प्रशासन संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए पूर्णतया तैयार है तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को सतर्कता बढ़ाने एवं निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता महेश कुमार सिंह, उप खंड अधिकारी, एसडीओ मनोरंजन कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी खडडा, सिंचाई विभाग एवं तहसील प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

