—- जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध:- जिलाधिकारी।
कुशीनगर, 06 जून (आरएनएस)। जनपद के खड्डा तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 113 फरियादियों ने अपने अपने शिकायती पत्र अधिकारियों को सौंपा। जिसमें से 7 शिकायती पत्रो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायती पत्रो को सम्बन्धित अधिकारियों को सौंप कर उनके समयबद्ध, गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 113 प्रकरण प्राप्त हुए। जिनमें से 07 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया तथा शेष 106 प्रकरणों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित 38, पुलिस विभाग से 19, पुलिस एवं राजस्व संयुक्त 06, विकास विभाग से 16 तथा अन्य विभागों से संबंधित 34 प्रकरण शामिल रहे। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, सिंचाई, शिक्षा एवं अन्य विभागों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अधिकारी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान पूर्ण संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ करें। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, आपसी विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्य करते हुए त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशील एवं उत्तरदायी कार्यप्रणाली अपनाने पर बल दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी खड्डा, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी खड्डा, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, तथा तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

