मेरठ ,06 जून(आरएनएस)। शनिवार की सुबह परतापुर थाना क्षेत्र में फैक्ट्री मालिक द्वारा कबाड़ में लगाई गई आग के चलते आसमान काले धुएं से ढक गया। वहीं, पास स्थित गांव में जहरीली हवा चलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जिसके चलते ग्रामीणों ने फैक्ट्री के बाहर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने फैक्ट्री को अवैध बताते हुए अधिकारियों से कार्यवाही की मांग की है।
दरअसल, अछरौंडा-बहादुरपुर रोड पर कई फैक्ट्री स्थित हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार की सुबह जेके फाइबर इंडस्ट्रीज के मालिक गौरव गर्ग और अपराजिता स्पिनिंग मिल कंपनी के मालिक नीरज मित्तल द्वारा उनकी फैक्ट्री के फाइबर स्क्रैप और रुई के ढेर के कबाड़ को एक खाली प्लॉट में डालकर उसमें आग लगा दी गई। आग इतनी विकराल थी कि ऊंची-ऊंची लपटें आसमान छू रही थीं।
वही अछरौंडा गांव में काले धुएं का गुबार छा गया। जहरीली हवा के चलते ग्रामीणों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। जिस पर ग्रामीणों ने मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इसी दौरान गुस्साए ग्रामीण ने फैक्ट्री के बाहर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री के कर्मचारी और मालिक फैक्ट्री के कबाड़ में आग लगाकर ग्रामीणों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। जहरीले धुएं के कारण ग्रामीण कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। सीसीएस यूनिवर्सिटी के छात्र नेता विजय राणा, मनीष राणा, सचिन चौधरी, मोती चौधरी, सोनू, रोहित और राजन आदि ने फैक्ट्री को अवैध बताते हुए कार्यवाही की मांग की। काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को शांत किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

