जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वृद्धाश्रम में लगाया विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर
सुलतानपुर ,06 जून(आरएनएस)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सुलतानपुर द्वारा वृद्धजनों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वृद्धाश्रम में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मुक्ता त्यागी के संयोजन में संपन्न हुआ।
शिविर को संबोधित करते हुए सचिव मुक्ता त्यागी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने वृद्धजनों को वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, नि:शुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, पारिवारिक विवादों के समाधान तथा अन्य विधिक सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या, संपत्ति विवाद, भरण-पोषण, उत्पीडऩ अथवा अन्य मामलों में वरिष्ठ नागरिक प्राधिकरण से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित वृद्धजनों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पडऩे पर विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर सर्वेश कुमार सिंह ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की वह नींव हैं जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उपस्थित वृद्धजनों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्राधिकरण उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान के संबंध में आवश्यक कानूनी परामर्श भी प्रदान किया गया। उपस्थित वृद्धजनों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस अवसर पर पीएलवी सुनील राठौर, समाजसेविका खुशी अग्रहरि, वृद्धाश्रम के मैनेजर श्रवण कुमार शर्मा, सूर्य लाल, आंशिक गुप्ता, रमेश कुमार, ललिता मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं वृद्धाश्रम के निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस जनहितकारी शिविर की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

