लखनऊ 7 जून (आरएनएस ) बीकेटी थाना क्षेत्र के ग्राम गोसाईनपुरवा में शनिवार सुबह एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई। सूचना मिलने पर बीकेटी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस एवं स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेमचन्द गोस्वामी पुत्र स्व. बैजनाथ, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी गोसाईनपुरवा मजरा देवरी रुखारा, थाना बीकेटी, लखनऊ ने गांव के बाहर स्थित मुकेश जिन्दल की बंद पड़ी फैक्ट्री परिसर में लगे आम के पेड़ पर दुपट्टे का फंदा बनाकर बीती रात आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सुबह होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया।बताया गया है कि मृतक देवरी रुखारा क्रासिंग के पास चाय एवं समोसे का होटल संचालित करता था। उसके परिवार में दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

