लखनऊ 7 जून (आरएनएस ): थाना सरोजनीनगर पुलिस ने बीमा कंपनी में वित्तीय अनियमितता एवं धोखाधड़ी कर 8.05 लाख रुपये की हेराफेरी करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी पर न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी संदीप सिंह, अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता, मेसर्स स्टार यूनियन दाई-इची लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा थाना सरोजनीनगर में तहरीर देकर अवगत कराया गया था कि कंपनी में कार्यरत एसोसिएट पद के कर्मचारी शुभांशु सिंह द्वारा विभिन्न बीमा पॉलिसियों की गलत बिक्री कर वित्तीय अनियमितताएं की गईं। जांच में तीन शिकायतकर्ताओं से कुल 8,05,000 रुपये की धनराशि के गबन एवं हेराफेरी की पुष्टि होने पर कंपनी द्वारा आरोपी को सेवा से निष्कासित कर दिया गया तथा थाना सरोजनीनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया।इस संबंध में थाना सरोजनीनगर पर मु0अ0सं0 164/2025 धारा 316(5)/318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना उप निरीक्षक दीपेन्द्र कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। इस पर न्यायालय जेएम प्रथम, लखनऊ द्वारा 21 फरवरी 2026 को उसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम ने 6 जून 2026 की रात लगभग 11:30 बजे गदनखेड़ा बाईपास, जनपद उन्नाव से अभियुक्त शुभांशु सिंह पुत्र उदयप्रताप सिंह, निवासी ग्राम सरायमंगली, पोस्ट भगन्तनगर, थाना बिहार, जनपद उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में अभियुक्त ने बीमा पॉलिसियों की गलत बिक्री एवं वित्तीय हेराफेरी के माध्यम से 8.05 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

