लखनऊ 7 जून (आरएनएस ) थाना मलिहाबाद क्षेत्रान्तर्गत लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर ग्राम मुजफ्फरपुर के निकट शनिवार दोपहर एक चलती फोर्ड इकोस्पोर्ट कार में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना पर पुलिस एवं फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूपी 30 एजे 0786 (फोर्ड इकोस्पोर्ट) को अब्दुल बासित पुत्र मोहम्मद शाहिद, निवासी रेलवेगंज, थाना कोतवाली नगर, जनपद हरदोई, चला रहे थे। बताया गया कि चालक अकेले लखनऊ से हरदोई की ओर जा रहे थे, तभी यात्रा के दौरान अचानक वाहन में आग लग गई।चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और वह सुरक्षित हैं।मौके पर पहुंची फायर सर्विस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया, हालांकि आग लगने से वाहन काफी क्षतिग्रस्त हो गया।प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और मौके पर स्थिति सामान्य है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित कराई गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

