लखनऊ 7 जून (आरएनएस ) नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के निरंतर प्रयासों और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप पूर्वांचल की महत्वपूर्ण मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 128-बी (55.57 किलोमीटर) के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण परियोजना को स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस निर्णय को पूर्वांचल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।मंत्री ए. के. शर्मा ने इस परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष को पत्र भेजकर टेंडर प्रक्रिया एवं निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस परियोजना को लेकर पूर्व में भी निरंतर पत्राचार एवं उच्चस्तरीय वार्ताएं की जाती रही हैं, जबकि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इसके क्रियान्वयन की प्रतीक्षा कर रही है।उन्होंने कहा कि मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि पूर्वांचल के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की मजबूत आधारशिला बनेगा। फोरलेन बनने से यातायात अधिक सुगम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी तथा सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।
परियोजना के अंतर्गत कई रेलवे ओवरब्रिजों के निर्माण का भी प्रस्ताव है, जिससे आवागमन में आने वाली बाधाएं समाप्त होंगी और लोगों को निर्बाध परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।मंत्री ए. के. शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया है कि परियोजना के पूर्ण होने पर मऊ, बलिया एवं आसपास के जनपदों में आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी और पूर्वांचल के विकास को एक नई दिशा प्राप्त होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

