लखनऊ 7 जून (आरएनएस ): थाना जानकीपुरम क्षेत्र में सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जून 2026 को ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ से प्राप्त डेथ मेमो के आधार पर सूचना मिली कि अभिषेक मिश्रा पुत्र रामानन्द मिश्रा, उम्र लगभग 24 वर्ष, एवं उसके छोटे भाई आर्यन मिश्रा पुत्र रामानन्द मिश्रा, उम्र लगभग 21 वर्ष, निवासी 3/805, सेक्टर-3, जानकीपुरम विस्तार, थाना जानकीपुरम, लखनऊ के बीच किसी तात्कालिक विवाद एवं गाली-गलौज को लेकर मारपीट हो गई थी।प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि मारपीट के दौरान बड़े भाई अभिषेक मिश्रा द्वारा छोटे भाई आर्यन मिश्रा को सिलेण्डर से चोट पहुंचाई गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल को उसके चाचा परमानन्द द्वारा तत्काल ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। आरोपी अभिषेक मिश्रा को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर नियमानुसार अभियोग पंजीकृत करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

