लखनऊ 7 जून (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जिस युग में पुलिस ही अपराधी बन जाए, वही कलयुग है। उन्होंने कहा कि माननीय इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिसिया ज्यादतियों को लेकर की गई सख्त टिप्पणी ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि अदालत की टिप्पणी को सुनकर नैतिक रूप से भाजपा सरकार को शासन करने का कोई अधिकार नहीं रह जाता, लेकिन उनके अनुसार भाजपा के शब्दकोश में नैतिकता, निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और न्याय जैसे शब्दों का कोई स्थान नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में पुलिस, सत्ता के प्रभाव में आकर “भ्रष्टाचार की प्रतीक” बनती जा रही है और संविधान के बजाय अवैधानिक एवं आपराधिक तरीकों को अपनाकर राजनीतिक लाभ के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था का दुरुपयोग कर जनता के अधिकारों का हनन किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं तथा आम नागरिकों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग लगातार बढ़ रहा है और सरकार कानून एवं संविधान के प्रति गंभीर नहीं है।उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल को जनता देख रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक परिणाम स्पष्ट रूप से सामने आएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

