लखनऊ 7 जून (आरएनएस ): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में महंगाई बेलगाम हो गई है और जनता लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है।अखिलेश यादव ने कहा कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर जनता को एक और महंगाई का झटका दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर करीब 89 रुपये तक महंगा हो चुका है, जबकि वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमतों में एक हजार रुपये से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे परिवहन, खाद्य पदार्थ और दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी होती जा रही हैं। उनके अनुसार इस स्थिति का सीधा असर आम जनता, किसानों, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं और गरीब व मध्यम वर्ग की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है, जबकि आमदनी में कोई बढ़ोतरी नहीं हो रही है।उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर के माध्यम से बढ़े हुए बिल और ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने जनता की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। साथ ही बेरोजगारी और उत्पादन लागत बढऩे से व्यापार और कृषि क्षेत्र भी प्रभावित हो रहे हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण जनता में असंतोष बढ़ रहा है और लोगों के सामने जीवनयापन एक बड़ी चुनौती बन गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

