लखनऊ 7 जून (आरएनएस ): उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा (विज्ञापन संख्या-01/2022) के अंतर्गत 03 एवं 04 जून 2026 को सम्पन्न लिखित परीक्षा के सभी 15 विषयों की मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अंग्रेजी, हिन्दी, गणित, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, वाणिज्य, गृह विज्ञान, कला, विज्ञान, संगीत गायन, कृषि, जीव विज्ञान, उर्दू तथा संगीत वादन सहित सभी विषयों की उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के अवलोकन हेतु उपलब्ध करा दी गई है।उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपने अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन कर संबंधित मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी का अवलोकन कर सकते हैं तथा अपने प्रश्नपत्र से मिलान कर सकते हैं। यदि किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति हो तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आपत्तियां 12 जून 2026 की रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन दर्ज की जा सकेंगी। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-मेल, डाक या अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे केवल आयोग द्वारा निर्धारित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से ही आपत्तियां दर्ज करें। सभी प्राप्त आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण कर अंतिम उत्तरकुंजी तैयार की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

